बलिया में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, दो निजी अस्पताल सील
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बलिया के चिलकहर क्षेत्र में बिना वैध दस्तावेजों के चल रहे दो निजी आई केयर अस्पतालों को सील कर दिया।

स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से चलाए जा रहे निजी अस्पतालों और जांच केंद्रों के खिलाफ अभियान चलाया है। शुक्रवार को जिले के चिलकहर क्षेत्र अंतर्गत संवरा-रामनगर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो निजी आई केयर अस्पतालों को सील कर दिया। जांच के दौरान इन अस्पतालों से जुड़े जरूरी दस्तावेज नहीं दिखाए जा सके थे।
प्रशासन के अनुसार, एसीएमओ डॉ. आरके चौधरी और एसीएमओ डॉ. मंजू रानी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संवरा-रामनगर में मौजूद आकांक्षा आई केयर पर छापा मारा। वहां मौजूद कर्मचारी संचालन और पंजीकरण का कोई भी अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद अस्पताल को सील कर दिया गया। इसके बाद टीम संवरा स्थित शिवम मेडिकेयर पहुंची, जहां केवल एक महिला कर्मचारी मिली। डॉक्टर और अन्य स्टाफ के बारे में वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी और न ही पंजीकरण के कागज दिखा पाई। इस वजह से उस अस्पताल को भी सील कर दिया गया।
सीएमओ डॉ. अभय नारायण राय के अनुसार, दोनों अस्पतालों के कर्मचारी जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेज और पत्रावली उपलब्ध नहीं करा सके। स्वास्थ्य विभाग की इस छापेमारी की खबर मिलते ही चिलकहर क्षेत्र में अवैध क्लीनिक, अस्पताल और पैथोलॉजी सेंटर चलाने वाले लोगों में हड़कंप मच गया और कई संचालक अपनी दुकानें बंद करके मौके से भाग गए।
स्रोत: Amar Ujala, Amar Ujala
गलती बताएं

