बलिया: फेफना में अवैध बालू खनन पर प्रशासन की कार्रवाई, तीन वाहन सीज
फेफना थाना क्षेत्र के छाड़न घाट पर देर रात छापेमारी कर पुलिस और राजस्व टीम ने बालू खनन में लगी एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया।
बलिया के फेफना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत थमहनपुरा के हसनपुरा स्थित छाड़न घाट पर अवैध बालू खनन की शिकायत मिली थी। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद बृहस्पतिवार देर रात करीब दो बजे प्रशासनिक टीम ने मौके पर छापेमारी की कार्रवाई की।
पुलिस प्रशासन के अनुसार कटान और रेड जोन की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया। एसडीएम सदर अतुल कुमार सिंह और सीओ सदर अक्षय कुमार के नेतृत्व में पुलिस व राजस्व टीम ने अचानक दबिश दी। टीम को देखते ही खनन में शामिल लोग वहां से भाग निकले।
सीओ सदर अक्षय कुमार ने बताया कि पुलिस और राजस्व टीम ने मौके से बालू खनन में लगी एक जेसीबी मशीन, बालू लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। तीनों वाहनों को सीज कर उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध बालू खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
स्रोत: Amar Ujala, Amar Ujala
गलती बताएं