बलिया: सीजेएम कोर्ट ने तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह को दी जमानत
बलिया की सीजेएम अदालत ने गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद कोर्ट में पेश हुए तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह को 25 हजार रुपये के मुचलके पर जमानत दे दी है।
बलिया की सीजेएम अदालत ने गुरुवार को तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह को जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है। यह मामला अधिवक्ता गणेशानंद मिश्र बनाम संजय सिंह से संबंधित है। अदालत ने उन्हें 25 हजार रुपये के मुचलके और इतनी ही राशि के एक जमानतदार पेश करने की शर्त पर जमानत दी है।
पूर्व में अदालत में पेश न होने के कारण संजय सिंह के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था, जिसकी तामील के लिए आजमगढ़ परिक्षेत्र के डीआईजी को पत्र भी भेजा गया था। डीआईजी ने आजमगढ़ के एसपी को संजय सिंह को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने का निर्देश दिया था, क्योंकि वे उस समय आजमगढ़ में एसएचओ के पद पर तैनात थे। इसके अलावा उनके वेतन रोकने जैसे आदेश भी जारी हो चुके थे।
गुरुवार को संजय सिंह अदालत में उपस्थित हुए। उनके वकील ने तर्क दिया कि उन्हें मुकदमे की जानकारी वारंट जारी होने के बाद मिली। उन्होंने लोक सेवक होने, विभागीय जिम्मेदारियों और त्योहारों में ड्यूटी के कारण कोर्ट में न आ पाने की बात कहकर जमानत की मांग की। दूसरी तरफ परिवादी ने जमानत अर्जी का विरोध करते हुए कहा कि उनके न आने से न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हुई है और उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए। अदालत ने दोनों पक्षों की बहस सुनने और पत्रावली का अवलोकन करने के बाद जमानत मंजूर कर ली।
स्रोत: Bhaskar, Dainik Bhaskar
गलती बताएं