इलाहाबाद हाईकोर्ट की चेतावनी, बलिया डीएम को होना होगा पेश
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जांच रिपोर्ट पेश न होने पर बलिया के जिलाधिकारी को अगली सुनवाई पर व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया है।
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक जनहित याचिका की सुनवाई के दौरान बलिया के जिलाधिकारी को कड़ी चेतावनी दी है। कोर्ट ने निर्देश दिया है कि अगली तारीख पर जांच से संबंधित निर्देश या उसका परिणाम पेश किया जाए, अन्यथा बलिया के डीएम को व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित होना होगा।
यह आदेश मुख्य न्यायमूर्ति अरुण भंसाली एवं न्यायमूर्ति क्षितिज शैलेंद्र की खंडपीठ ने अमित कुमार सिंह की जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया है। अदालत ने स्थायी अधिवक्ता को यह निर्देश बलिया के डीएम तक पहुंचाने के लिए कहा है।
अदालत के अनुसार यह मामला अगस्त से लंबित है। चौदह अगस्त को कोर्ट के संज्ञान में यह बात आई थी कि जांच अधिकारी नियुक्त हो चुका है और उसे अनुस्मारक भेजा गया है। इसके बाद मामला 23 सितंबर के लिए सूचीबद्ध हुआ था, लेकिन आठ अक्टूबर और 25 नवंबर को हुई सुनवाई के दौरान भी जांच की स्थिति स्पष्ट करने के लिए समय मांगा गया।
खंडपीठ ने इस बात पर नाराजगी जताई कि अगस्त से जांच लंबित होने के बावजूद स्थायी अधिवक्ता के पास उसकी स्थिति की कोई जानकारी नहीं है। अदालत ने टिप्पणी की कि संबंधित अधिकारी स्थायी अधिवक्ता को जांच की स्थिति की जानकारी देने से बच रहे हैं।
स्रोत: Etv Bharat, ETV Bharat
गलती बताएं