बलिया: अवैध रूप से संचालित दो अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, सील किया गया
बलिया जिले के चिलकहर क्षेत्र के संवरा-रामनगर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर दो अवैध निजी आई केयर अस्पतालों को सील कर दिया।

बलिया जिले में गैरकानूनी तरीके से चलाए जा रहे निजी अस्पतालों और जांच केंद्रों के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभय नारायण राय के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को चिलकहर क्षेत्र के संवरा-रामनगर में छापेमारी की कार्रवाई की।
इस छापेमारी अभियान का नेतृत्व अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके चौधरी और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मंजू रानी ने किया। जांच के दौरान टीम संवरा-रामनगर स्थित आकांक्षा आई केयर और संवरा में संचालित शिवम मेडिकेयर पहुंची।
स्वास्थ्य विभाग की जांच के समय अस्पतालों के कर्मचारी संचालन या पंजीकरण से जुड़े जरूरी दस्तावेज और पत्रावली प्रस्तुत नहीं कर सके। शिवम मेडिकेयर में सिर्फ एक महिला कर्मचारी मिली, जो डॉक्टर और अन्य स्टाफ के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई। कागजात नहीं मिलने पर दोनों अस्पतालों को सील कर दिया गया।
प्रशासनिक कार्रवाई की खबर मिलते ही चिलकहर क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे क्लीनिकों, अस्पतालों और जांच केंद्रों के संचालकों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के डर से कई संचालक अपने संस्थानों के शटर गिराकर मौके से भाग गए।
स्रोत: Amar Ujala, Amar Ujala
गलती बताएं
