बलिया में पहुंची 1974 एमटी डीएपी खाद, 168 समितियों पर हुआ वितरण
फेफना रेलवे स्टेशन पर 1974 मीट्रिक टन डीएपी की रैक पहुंचने के बाद खाद को सीधे जिले की 168 साधन सहकारी समितियों में भेज दिया गया है।
बलिया जिले के फेफना रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की भोर में 1974 मीट्रिक टन (एमटी) डीएपी खाद की एक रैक पहुंची। रबी सीजन में गेहूं की बोआई के दौरान खाद की समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन और सहकारिता विभाग ने रैक आते ही खाद को बफर गोदाम में रखने के बजाय सीधे जिले की सभी 168 साधन सहकारी समितियों पर भेज दिया। एक सप्ताह पूर्व जिलाधिकारी ने शासन को खाद की कमी की जानकारी दी थी, जिसके बाद खाद उपलब्ध कराई गई है।
समितियों पर खाद का वितरण 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर किया जा रहा है। किसानों को खाद प्राप्त करने के लिए आधार कार्ड और खतौनी लाना अनिवार्य है, तथा जोत के अनुसार प्रति किसान 2 से 4 बोरी खाद दी जा रही है। पारदर्शिता के लिए प्रत्येक समिति पर रेट लिस्ट लगाना जरूरी किया गया है। स्थानीय किसानों के अनुसार सरकारी दर पर खाद मिलने से निजी दुकानों की तुलना में प्रति बोरी लगभग 500 रुपये की बचत होगी।
जिला कृषि अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह और एआर कोऑपरेटिव एसएन मिश्र के अनुसार खाद की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और दो दिन में डीएपी की दूसरी रैक आने की संभावना है। कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। जिले में रबी सीजन के लिए डीएपी का लक्ष्य 18750 एमटी और उपलब्धता 13790 एमटी है। वहीं एनपीके का लक्ष्य 5566 एमटी के मुकाबले 6841 एमटी और यूरिया का लक्ष्य 48450 एमटी के मुकाबले 42595 एमटी उपलब्ध है।
उधर बांसडीह में भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष अभिजीत तिवारी 'बबलू' की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्यकर्ताओं से खाद-बीज केंद्रों पर रेट लिस्ट चस्पा न होने की स्थिति में कृषि विभाग को सूचित करने का आह्वान किया गया है, ताकि उचित दर पर खाद की बिक्री सुनिश्चित कराई जा सके।
स्रोत: Amar Ujala
गलती बताएं

