लखनऊ रवाना हुए बलिया के 32 नवचयनित अभ्यर्थी, मुख्यमंत्री देंगे नियुक्ति पत्र
आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय की परीक्षा में पास बलिया के 32 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र के लिए डीएम ने कलेक्ट्रेट से लखनऊ रवाना किया।
आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय की परीक्षा में बलिया जिले के 32 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इन अभ्यर्थियों में चार ऑडिटर और 28 असिस्टेंट अकाउंटेंट शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिलाने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर से लखनऊ के लिए रवाना किया गया।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने रोडवेज बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने नवचयनित अभ्यर्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अभ्यर्थियों से कहा कि वे पूरी मेहनत और लगन से अपने दायित्वों का पालन करें तथा राज्य के विकास में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अभ्यर्थी अपनी कार्यक्षमता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से 'विकसित उत्तर प्रदेश' के संकल्प में योगदान देंगे।
सभी चयनित अभ्यर्थी गुरुवार रात लखनऊ पहुंचेंगे, जहां अगले दिन उन्हें मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार, चेयरमैन संत कुमार गुप्ता उर्फ मिठाई लाल, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दुबे और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
स्रोत: Purvanchal24, Purvanchal24
गलती बताएं

